उत्तराखंड में बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर हुए हमले के विरोध में शिक्षा विभाग के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारियों ने दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का ऐलान किया है। 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई इस घटना के बाद विभाग में रोष है और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
घटना के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने हाल के दिनों में सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एक स्पष्ट और प्रभावी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जाए।
सीएम धामी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि SOP लागू होने के बाद सरकारी दफ्तरों में कामकाज का माहौल सुरक्षित होगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।