1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. उत्तराखंड: प्रदेश टोली की बैठक में नब्ज टटोलेंगे अमित शाह, सात मार्च को हरिद्वार आएंगे

उत्तराखंड: प्रदेश टोली की बैठक में नब्ज टटोलेंगे अमित शाह, सात मार्च को हरिद्वार आएंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार पहुंचकर भाजपा प्रदेश टोली की बैठक में शामिल होंगे। धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर विकास कार्यों की समीक्षा और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
उत्तराखंड: प्रदेश टोली की बैठक में नब्ज टटोलेंगे अमित शाह, सात मार्च को हरिद्वार आएंगे

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश टोली की अहम बैठक में शामिल होकर संगठन और सरकार की स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा चुनावी दृष्टि से पार्टी की नब्ज टटोलेंगे। यह कार्यक्रम पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसे भाजपा सरकार और संगठन का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसी मंच से अमित शाह आगामी चुनाव के लिए चुनावी बिगुल भी फूंक सकते हैं।

प्रदेश टोली की बैठक में कोर कमेटी समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल

अमित शाह के हरिद्वार दौरे के दौरान ही भाजपा की प्रदेश टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में- भाजपा कोर कमेटी के सभी सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में अमित शाह पार्टी की ताकत और कमजोरियों का आकलन करेंगे और जीत की हैट्रिक के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए फीडबैक लेंगे।

सरकार बदलाव की चर्चाओं पर लगेगा विराम

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड में सरकार बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लगाने की तैयारी में है। अमित शाह इस दौरे के दौरान राजनीतिक स्थायित्व का स्पष्ट संदेश देंगे। इसके साथ ही यदि लगातार दो कार्यकाल के बाद कहीं एंटी-इनकंबेंसी के संकेत हैं, तो उसे प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति भी तय की जाएगी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

पीएम मोदी का भी प्रस्तावित है उत्तराखंड दौरा

अमित शाह के 7 मार्च के कार्यक्रम के बाद भाजपा की चुनावी गतिविधियां और तेज होंगी। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पीएम मोदी के दौरे के साथ ही भाजपा के चुनावी अभियान को औपचारिक रूप से रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि “केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में 7 मार्च को प्रदेश टोली की बैठक होगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर इस बैठक में व्यापक चर्चा की जाएगी और भविष्य की रणनीति को और अधिक मजबूत किया जाएगा।”

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...