अलीगढ़ (अकराबाद): यूपी के अलीगढ़ में राष्ट्रीयध्वज के अपमान के मामले में विधायक ने दो लोगों के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
आरोप है कि विदेशी संगठनों से साठगांठ रखने वाले व्यक्ति वारिकवली निवासी धौर्रा माफी अलीगढ़ ने क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर निवासी शमशेर को ठेका देकर गांव खुर्रमपुर एवं दुबिया में 45 नल लगवा दिए। जिसके चबूतरे को कब्र के आकार में बनवाकर अरबी भाषा में शिलालेख लगा दी गई। इसमें भारत के राष्ट्रीयध्वज में चक्र में तीलियों की संख्या मात्र आठ रखी गई। इस तरह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ। इसके साथ ही कुवैत का झंडा भी इस पर बनाया गया।
यह देख लोगों में आक्रोश पनपा और सूचना छर्रा विधायक ठाकुर रविंद्र पाल सिंह तक पहुंची। उन्होंने मौके पर जाकर जानकारी ली और नल लगाने वाले लोगों को 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने नल पर लगी शिलालेख को हटाने की बात कही। इसके बाद भी विदेशी संगठनों से जुड़ा वारिकवली अपनी बात पर अड़ा रहा।
छर्रा विधायक ने शमशेर पुत्र शेर मोहम्मद तथा वारिक वली के खिलाफ राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 व 269 में मुकदमा दर्ज कराया है। पता चला है कि जनवरी माह में विदेशी संगठनों से मिलकर विदेशी ध्वज के साथ एक कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन भी आरोपी ने किया था। लोगों का आरोप है कि आरोपी गुमराह कर विदेशी षड्यंत्र के तहत भारत के लोगों में नफरत फैला रहा है।एसओ अकराबाद उमेश चंद्र शर्मा के अनुसार विधायक की तहरीर के आधार पर दो लोगों पर देश द्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।