धानापुर थाने की पुलिस टीम ने तीन शातिर चोर को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपितों पर हाल ही में दो चोरी की घटनाओं में संलिप्तता थी। एएसपी प्रेमचंद ने पुलिस लाइन में गुरुवार को आरोपितों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 19 जून को हेतमपुर और 20 जुलाई को महरईयां गांव में चोरी की घटना हुई थी। दो लोगों के मकान से नकदी समेत सोने व चांदी के गहने चोरी की गई थी। इसके तहत धानापुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। थाने के एसआई राजकुमार यादव ने बुधवार की शाम लगभग सात बजे मुखबिर की सूचना पर नहर पुलिया सिहावल रोड से तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपित कवई पहाड़पुर निवासी सर्वेश बिंद और वीर बहादुर सिंह उर्फ वीरू के पास से चोरी की गई सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुई। दोनों के पास से सोने की नथुनी, दो अंगूठी, चांदी के पायल, कर्धनी बरामद की गई। वहीं उनके साथी कवई पहाड़पुर निवासी रमेश बिंद के पास से एक देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद की गई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई राजकुमार यादव, रामधनी सिंह व शिवमणि त्रिपाठी, कांस्टेबल राहुल वर्मा, आकाश मिश्रा आदि शामिल रहे।