भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी ने भारत में अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कहा कि, अमेरिका को छोड़ने से पहले ही ट्रंप ने ये ऐलान कर दिया कि वो अमेरिका के लिए भारत से एक बहुत बड़ी डील लेकर आ रहे हैं।
इसके पीछे का अजेंडा समझना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि, अमेरिका की एग्रीबिजनेस कंपनियां भारत के कृषि बाजारों पर कब्जा कर लेंगी। उनके ‘फार्म बिल’ की वजह से लाई गई बड़ी सब्सिडी की वजह से उनके उत्पाद जब भारत में बेचे जाएंगे तो ये भारत के किसान और कृषि को बरबाद कर देंगे।
बता दें कि, भारत में ट्रंप के दौरे को लेकर विपक्ष के नेता जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता नवाब मलिक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौर पर को लेकर कहा कि, ट्रंप के दौरे में मुख्यमंत्रियों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। सुरक्षा के नाम पर संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्तियों का प्रोटोकॉल तोड़ उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। ये संवैधानिक पद पर बैठे लोगों का अपमान है।
इससे पहले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बीते शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सम्मान में आयोजित भोज में बुलाए जाने पर कहा कि, लोकतंत्र के कुछ कायदे और शालीनता होती है। इसमें विपक्ष क्यों नदारद है? क्यों हमारी मैडम सोनिया जी को नहीं बुलाया गया? हाउडी मोदी के उस मंच पर डेमोक्रेट, रिपब्लिकन दोनों थे।
साथ ही उन्होंने कहा कि, क्यों बस्तीवालों का घर उजाड़ कर ये किया जा रहा है इसलिए कि ट्रंप खुश हो। वो खुश हों इसलिए देश की झुग्गी बस्ती में रहने वालों को उखाड़ना सही है? ऐसा लगता है जैसे मोगैंबो को खुश करने के लिए हम सब कर सकते हैं।