बुरहानपुर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में कथित प्लॉट घोटाले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अहमद नगर फेज-1, फेज-2 और फेज-3 कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वाले सैकड़ों परिवार कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उनकी जीवनभर की जमा पूंजी दांव पर लग गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कॉलोनाइजरों ने पहले लोगों को प्लॉट बेच दिए और बाद में उसी जमीन का सौदा किसी अन्य व्यक्ति से करोड़ों रुपये में कर दिया। इससे प्लॉट खरीदने वाले परिवारों के सामने अपने अधिकार और भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपने परिवार के लिए घर बनाने का सपना लेकर प्लॉट खरीदे थे, लेकिन अब उन्हें धोखाधड़ी का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर कार्यालय में दिए गए ज्ञापन में पीड़ितों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने जमा की गई राशि ब्याज सहित वापस दिलाने या खरीदे गए प्लॉट पर वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग भी की।
मामले पर तहसीलदार ओरिया ने कहा कि शिकायत प्रशासन के संज्ञान में आ गई है। नियमानुसार पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।