1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. जनसुनवाई में हंगामा, नाली-सड़क की मांग पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

जनसुनवाई में हंगामा, नाली-सड़क की मांग पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

बैतूल के मुलताई में जनसुनवाई के दौरान नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने नगर पालिका के खिलाफ विरोध जताया। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

By: BS Yadav 
Updated:
जनसुनवाई में हंगामा, नाली-सड़क की मांग पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में आयोजित जनसुनवाई उस समय हंगामे में बदल गई, जब नेहरू वार्ड के शारदा क्षेत्र की महिलाओं ने वर्षों से लंबित नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। महिलाओं का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। वार्ड में नाली का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना रहता है। वहीं बारिश के मौसम में कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंची महिलाओं की नगर पालिका के उपयंत्री से तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और जनसुनवाई का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी अधिकारियों के सामने क्षेत्र की समस्याएं उठाईं और जल्द समाधान की मांग की।

मामला बढ़ता देख एसडीएम राजीव कहार ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया और नाली व सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

अब देखना होगा कि जनसुनवाई में उठी इस शिकायत पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और वर्षों से बुनियादी सुविधाओं का इंतजार कर रहे लोगों को कब राहत मिलती है।

रिपोर्ट :-कमलाकर तायवाड़े

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...