नई दिल्ली: देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की वजह से लोगों का झुकाव इलेक्ट्रिक व्हीकल के तरफ बढ़ रहा है। पर्यावरण के लिए सुरक्षित और महंगे फ्यूल के बीच किफायती इलेक्ट्रिक व्हीकल की मांग बढ़ती जा रही है। अब लोगों का झुकाव इलेक्ट्रिक व्हीकल की ओर बढ़ने लगा है। यही वजह है कि मौजूदा समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल स्टॉक्स में काफी हलचल देखने को मिल रही है। ऐसे में टाटा मोटर्स की धांसू इलेक्ट्रिक कार टाटा नेक्सॉन इलेक्ट्रिक ईवी के साथ ही अन्य कंपनियों की सस्ती-महंगी इलेक्ट्रिक कारों की अच्छी बिक्री हो रही है। अब पॉपुलर कार कंपनी ह्यूंदै जल्द ही भारत में नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने वाली है, जिसका नाम हुंडई आयोनिक 5 हो सकता है।
हुंडई की अपकमिंग इलेक्ट्रिक कार के बारे में खबरें चल रही है कि इसकी कीमत कम हो सकती है और यह सीधे तौर पर टाटा नेक्सॉन ईवी से मुकाबला करेगी। फिलहाल इंडियन मार्केट में टाटा नेक्सॉन ईवी की सबसे ज्यादा बिक्री होती है। अब हुंडई नेक्सॉन ईवी की बादशाहत तोड़ने के लिए सस्ती इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसकी बैटरी रेंज भी अच्छी होगी। माना जा रहा है कि हुंडई आयोनिक 5 एंट्री लेवल इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में आएगी। इसी के साथ अच्छी खबर यह भी है कि भारत में हुंडई की पहली कार Kona Electric का अपग्रेडेड वेरिएंट भी अगले साल की पहली छमाही में लॉन्च हो जाएगा और इसकी बैटरी रेंज 450 किलोमीटर प्रति चार्ज से ज्यादा होगी।
202-220 Km तक बैटरी रेंज
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अपकमिंग हुंडई इलेक्ट्रिक कार को छोटी बैटरी पैक के साथ पेश किया जाएगा, जिसकी बैटरी रेंज सिंगल चार्ज पर 200 से 220 किलोमीटर तक की होगी। लुक और फीचर्स के मामले में हुंडई की अगली इलेक्ट्रिक कार अच्छी होगी। वहीं साइज के मामले में यह नेक्सॉन ईवी की अपेक्षा छोटी हो सकती है। आपको बता दें कि भारत में आने वाले समय में बजट इलेक्ट्रिक कार की बंपर डिमांड होने वाली है और इस सेगमेंट में टाटा मोटर्स और हुंडई के साथ ही कई और भी स्थापित या नई कंपनियां एक से बढ़कर एक कार लॉन्च करने की तैयारी में है। आने वाला समय इलेक्ट्रिक कारों का है और सभी कंपनियां इसके लिए कमर कस रही है।