1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. HCL कर्मचारियों को बड़ी सौगात: ग्रेच्युटी 25 लाख, ठेका कर्मियों के वेतन में 15% बढ़ोतरी

HCL कर्मचारियों को बड़ी सौगात: ग्रेच्युटी 25 लाख, ठेका कर्मियों के वेतन में 15% बढ़ोतरी

हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की NJCC बैठक में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए कई बड़े फैसले लिए गए। ग्रेच्युटी 25 लाख, वेतन में 15% वृद्धि और छात्रवृत्ति योजना लागू।

By: BS Yadav 
Updated:
HCL कर्मचारियों को बड़ी सौगात: ग्रेच्युटी 25 लाख, ठेका कर्मियों के वेतन में 15% बढ़ोतरी

बालाघाट। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) की नेशनल ज्वाइंट कमेटी ऑफ कॉपर (NJCC) की महत्वपूर्ण बैठक 11 और 12 जून 2026 को कोलकाता स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एचसीएल के सीएमडी संजीव कुमार सिंह ने की। इस दौरान कंपनी प्रबंधन, वरिष्ठ अधिकारियों और मान्यता प्राप्त यूनियनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में लिए गए निर्णयों को मजदूर हित में ऐतिहासिक माना जा रहा है। भारतीय खनिज मजदूर संघ मलाजखंड की ओर से यूनियन अध्यक्ष दत्तराज पटले और महासचिव हेमन्त भगत ने श्रमिकों की मांगों को प्रमुखता से रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया।

ग्रेच्युटी सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख

बैठक में कर्मचारियों के हित में सबसे बड़ा फैसला ग्रेच्युटी राशि को लेकर लिया गया। अब कर्मचारियों को मिलने वाली अधिकतम ग्रेच्युटी सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। इससे सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अधिक आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी।

वर्क परफॉर्मेंस रिवार्ड स्कीम लागू

कर्मचारियों के बेहतर प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए नई वर्क परफॉर्मेंस रिवार्ड स्कीम लागू की गई है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को औसतन 35 हजार से 45 हजार रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है।

ठेका श्रमिकों के वेतन में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी

बैठक में पहली बार एचसीएल के ठेका श्रमिकों के लिए एक विशेष वेज स्कीम तैयार की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत ठेका कर्मियों के वेतन में 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। श्रमिक संगठनों ने इसे ठेका कर्मचारियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

कैंटीन भत्ते में दोगुनी बढ़ोतरी

एचसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों को मिलने वाले कैंटीन भत्ते को भी बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब कर्मचारियों को 10 रुपये की जगह 20 रुपये कैंटीन अलाउंस मिलेगा।

ठेका श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति

श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई छात्रवृत्ति योजना भी लागू की गई है। इसके तहत 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों को 2,100 रुपये, 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों को 5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

मजदूर हित में बड़ी उपलब्धि: हेमन्त भगत

भारतीय खनिज मजदूर संघ मलाजखंड के महासचिव हेमन्त भगत ने कहा कि संगठन लंबे समय से कर्मचारियों और श्रमिकों के हितों के लिए संघर्ष कर रहा है। एनजेसीसी बैठक में लिए गए निर्णयों से हजारों कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा।उन्होंने एचसीएल प्रबंधन, सीएमडी संजीव कुमार सिंह और कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी मजदूरों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाता रहेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...