1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. भस्म आरती नहीं हुई, 11 फीट का सेहरा पहन दूल्हे बने बाबा महाकाल

भस्म आरती नहीं हुई, 11 फीट का सेहरा पहन दूल्हे बने बाबा महाकाल

महाशिवरात्रि के अगले दिन उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल को सवा मन का 11 फीट ऊँचा सेहरा पहनाया गया। सप्तधान्य से शृंगार, 44 घंटे बाद बंद होंगे पट।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
भस्म आरती नहीं हुई, 11 फीट का सेहरा पहन दूल्हे बने बाबा महाकाल

महाशिवरात्रि के अगले दिन सोमवार को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में अत्यंत भव्य और दुर्लभ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। आज भस्म आरती नहीं हुई, बल्कि भगवान महाकाल को साल में एक बार धारण किया जाने वाला सवा मन (लगभग 62 किलो) वजन का 11 फीट ऊँचा पुष्प सेहरा पहनाकर दूल्हे के रूप में सजाया गया। इस अद्भुत शृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

चार प्रहर की महाअभिषेक पूजा के बाद हुआ शृंगार

महाशिवरात्रि की रात 11 बजे से सोमवार सुबह तक भगवान महाकाल की चार प्रहर की महाअभिषेक पूजा संपन्न हुई। इसके पश्चात भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराए गए और सप्तधान्य से मुखमंडल का विशेष शृंगार किया गया। सप्तधान्य में 31 किलो चावल, 11-11 किलो मूंग, तिल, मसूर, जौ, गेहूं, साल और उड़द अर्पित किए गए, जो समृद्धि और अन्नपूर्णता का प्रतीक माने जाते हैं।

फूलों से सजा 11 फीट ऊँचा सेहरा

सुबह 6 बजे से सेहरा आरती की गई। इस दौरान भगवान महाकाल को विभिन्न प्रकार के फूलों की लड़ियां, आंकड़े के फूल, और पुष्पों की मोटी-मोटी मालाएं अर्पित की गईं।
भगवान को स्वर्ण एवं रजत आभूषण, छत्र, चंद्र मुकुट और त्रिपुंड धारण कराए गए, जिससे बाबा महाकाल का स्वरूप अत्यंत दिव्य और मनोहारी दिखाई दिया।

चांदी का सिक्का और बिल्वपत्र अर्पित

मंदिर समिति की ओर से भगवान महाकाल को चांदी का सिक्का और चांदी का बिल्वपत्र भी अर्पित किया गया। इस विशेष पूजन और शृंगार के दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा।

44 घंटे बाद बंद होंगे मंदिर के पट

महाशिवरात्रि से प्रारंभ हुए निरंतर धार्मिक आयोजनों के चलते महाकालेश्वर मंदिर के पट आज लगातार 44 घंटे खुले रहने के बाद रात में बंद किए जाएंगे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और दर्शन के लिए मंदिर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...