मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आईटी सहित सभी क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी हर सेक्टर में विकास कार्यों को गति देते हुए केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान भाई-भाई हैं और दोनों राज्य अपनी साझा विरासत का संरक्षण करते हुए साझा विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। तकनीक के इस दौर में आईटी का विशेष महत्व है और इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों राज्यों के युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सृजित करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
युवाओं को रोजगार और नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से जयपुर में TIE Global Summit आयोजित की जा रही है। इस समिट के माध्यम से स्टार्ट-अप्स, इनोवेटर्स और उद्योगपतियों से संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि मध्यप्रदेश और राजस्थान के युवाओं को नई संभावनाएं और रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने पड़ोसी राज्य राजस्थान के साथ वर्षों पुराने विवाद को समाप्त करते हुए पार्वती–कालीसिंध–चंबल (पीकेसी) परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। यह परियोजना दोनों राज्यों के लिए जल प्रबंधन और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जयपुर विमानतल पर मीडिया से चर्चा के दौरान यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के समन्वित प्रयासों से न केवल क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए रास्ते भी खुलेंगे।