बुरहानपुरः जिले से एक बेहद चिंताजनक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ताप्ती नदी के राजघाट पर हजारों मछलियों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। गुरुवार को रोज की तरह मछलियों को दाना डालने पहुंचे लोगों ने जब नदी का मंजर देखा, तो उनके होश उड़ गए। नदी के बहते पानी में छोटी-बड़ी मछलियां मृत अवस्था में तैरती नजर आईं, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ताप्ती नदी का पानी अब गंभीर रूप से दूषित हो चुका है। शहर के गंदे नालों का पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण जल प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर जलीय जीवों पर पड़ रहा है, और अब मछलियों की यह सामूहिक मौत उसी का परिणाम माना जा रहा है।
राजघाट पर रोजाना मछलियों को दाना डालने वाले गोविंदा सिंगोतिया ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “हम रोज यहां सेवा करने आते हैं, लेकिन आज मछलियों को मृत हालत में देखकर मन व्यथित हो गया। नगर निगम की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। अगर समय रहते ताप्ती की सफाई की जाती, तो शायद यह दिन नहीं देखना पड़ता।”
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और ताप्ती नदी की तत्काल सफाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर अब भी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जलीय जीवन पूरी तरह खत्म होने की कगार पर पहुंच सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन भी हरकत में आ गया है। निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने तुरंत टीम को मौके पर भेजा और पानी के सैंपल जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मछलियों की मौत के असली कारणों की जांच कराई जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। साथ ही ताप्ती नदी के शुद्धिकरण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट