रिपोर्ट: सत्यम दुबे
देवरिया: UP पुलिस पर लापरवाही के हमेशा ही आरोप लगाये जाते हैं। लेकिन पुलिस की एक मानवीय चेहरा देवरिया जिले से सामने आया, जिसे जानकर आप भी यूपी पुलिस पर गर्व करेंगे। देवरिया जिले में एक सब इंस्पेक्टर की जाबांजी से एक महिला की जान बच गई।
आपको बता दें कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक महिला ने जहर खाते हुए वीडियो बनाया। जिसके बाद उसने विडियो के अपनी बुआ के पास भेज दिया। इसके बाद बुआ ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दरोगा सुमित राय दीवार फांदकर घर में घुसे और महिला की जान बचाई।
दरअसल, तीन साल पहले पीड़िता शालिनी विश्वकर्मा की शादी बरहज थाना के तिवारीपुर मुहल्ले के रहने वाले प्रेम विश्वकर्मा के बेटे चन्द्रकान्त विश्वकर्मा से हुई थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक-ठाक रहा। पति बाहर मुम्बई में काम करता है। ससुर और सास एक ही घर मे रहते हैं, लेकिन अलग। पति चन्द्रकान्त अपनी पत्नी शालिनी की अनदेखी करता है। इसी बात से परेशान होकर शालिनी ने 19 जुलाई को दोपहर में मोबाइल से वीडियो बनाते हुए जहर खा लिया।
इसके बाद शालिनी ने यह वीडियो अपनी बुआ, जो बनारस इलाज़ के लिए गई थीं, उन्हें भेज दिया। शलिनी ने विडियो अपने पति को भी भेजा। बुआ ने बरहज थाना प्रभारी टीजे सिंह को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद जैसे ही थाना प्रभारी को यह सूचना मिली, वैसे ही दरोगा सुमित राय को महिला के घर पर भेजा गया। जब दरोगा सुमित राय महिला के घर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था, वे बाउंड्री कूदकर अंदर गये। इसके बाद महिला का दरवाजा खुलवाकर उसे पुलिस गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाकर इलाज़ कराया।
सही समय से अस्पताल पहुंचने से महिला की जान बच गई। SP डॉक्टर श्रीपति मिश्रा ने बताया कि महिला जहर खाकर तड़प रही थी, पुलिस की सक्रियता की वजह से उसकी जान बच गई, इस संबंध में छानबीन करने पर यह पता चला है, आपसी गृह कलह से वह काफी परेशान थी, उसके पति बाहर रहते थे और घर में यहां पर भी उचित सम्मान नहीं मिल पा रहा था, इससे दुखी होकर के उसने यह कदम उठाया था।