जबलपुर के गोकलपुर इलाके में एक रूह कंपा देने वाला हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। जिसे देखकर किसी के भी होश उड़ जाएं।
दरअसल, अमृत 2.0 मिशन के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन के लिए सड़क के बीचों-बीच खुदाई की गई थी। दो युवक अपनी बाइक पर सवार होकर इतनी तेज रफ्तार में आए कि उन्हें सामने की घेराबंदी और गड्ढा दिखाई ही नहीं दिया। बाइक सीधे डिवाइडर से टकराई और हवा में उछलते हुए एक युवक सीधे गहरे गड्ढे के अंदर जा गिरा, जबकि दूसरा युवक सड़क के किनारे जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस की मोबाइल टीमें मौके पर पहुंचीं और आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद दोनों की जान बच गई और उन्हें मामूली चोटें ही आईं।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए जनता से अपील की है कि रात के समय सड़कों पर चल रहे विकास कार्यों को देखते हुए गाड़ी की रफ्तार पर नियंत्रण रखें, क्योंकि पलक झपकते ही एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
जबलपुर से संवाददाता दिनेश चौधरी की रिपोर्ट