1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. बुरहानपुर में नशा मुक्ति अभियान को मिली रफ्तार, स्कूलों और गांवों तक पहुंचा पुलिस का जनजागरण

बुरहानपुर में नशा मुक्ति अभियान को मिली रफ्तार, स्कूलों और गांवों तक पहुंचा पुलिस का जनजागरण

बुरहानपुर पुलिस ने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत जिलेभर में स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशामुक्त समाज का संकल्प दिलाया।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में नशा मुक्ति अभियान को मिली रफ्तार, स्कूलों और गांवों तक पहुंचा पुलिस का जनजागरण

बुरहानपुर । मध्य प्रदेश पुलिस के निर्देश पर बुरहानपुर पुलिस ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

जिलेभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के नेतृत्व में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों व ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी।

युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

अभियान के दौरान “नशे से दूरी है जरूरी – हमारा है यही संकल्प, नशामुक्त हो मध्य प्रदेश” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में छात्रों, खिलाड़ियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने भाग लिया तथा सभी को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

 

13 थाना क्षेत्रों में चला विशेष अभियान

पुलिस के अनुसार जिले के 13 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 14 स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नशा मुक्ति संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। कोतवाली, शिकारपुरा, लालबाग, गणपति नाका, नेपानगर, निंबोला, धूलकोट, डेडतलाई, अजाक थाना, महिला थाना और नावरा चौकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

जनआंदोलन का रूप ले रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।

 

रिपोर्ट – राजू सिंह राठौड़ 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...