आतंकी वारदात जम्मू-कश्मीर में रूकने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के रजौरी जिले के नौशेरा में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ देखने को मिली। इस दौरान सेना के दो जवान शहीद हो गए। फिलहाल आतंकियों के खिलाफ सेना का अभियान जारी है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक इस मुठभेड़ में किसी आतंकी के मारे जाने की खबर नहीं है।
बता दें कि, मुठभेड़ स्थल पर 3 आतंकियों की मौजूदगी है। कुछ दिनों पहले लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) के जरिए आतंकवादियों ने घुसपैठ की होगी। मंगलवार को कुछ स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देखा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुरक्षा बलों ने बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सुरक्षा बलों पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अभी भी रूक-रूक कर फायरिंग हो रही है।