सासाराम। पायलट बाबा आश्रम में जदयू की ओर से जीविका दीदियों के साथ ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी सहित जदयू के कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के योगदान और जीविका के 20 वर्षों के सफर पर चर्चा की गई।
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को जोड़ने वाली जीविका योजना के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पायलट बाबा आश्रम में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने हिस्सा लिया।
मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने अपने संबोधन में बिहार की प्रति व्यक्ति आय में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए इसका श्रेय महिलाओं की बढ़ती आर्थिक और सामाजिक भागीदारी को दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की सोच ने उन्हें आर्थिक रूप से सक्रिय होने के साथ-साथ समाज में अपनी भूमिका मजबूत करने का अवसर दिया है।

डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य जीविका दीदियों के साथ संवाद स्थापित करना और उनके अनुभवों व भूमिका पर चर्चा करना रहा।
करगहर के जदयू विधायक वशिष्ठ सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीविका के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान जदयू नेताओं ने जीविका दीदियों के साथ संवाद किया और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। समारोह में पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।