प्रदेश भाजपा कार्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि 26 जनवरी भारत के इतिहास का अत्यंत गौरवशाली दिन है। इसी दिन देश को अपना संविधान प्राप्त हुआ और भारत एक संप्रभु गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। आज़ादी के बाद देशवासियों को अपने गणतंत्र का अधिकार इसी दिन मिला, जिसने भारत को एक नई दिशा और पहचान दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत तेज़ी से विश्व के सर्वोत्तम देशों की श्रेणी में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर सशक्त हो रही है। साथ ही मध्य प्रदेश में भी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश और देश दोनों नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
इस अवसर पर पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश के चार लोगों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के लिए उत्कृष्ट और प्रेरणादायक कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करती है। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि मध्य प्रदेश के चार नागरिकों को पद्मश्री जैसे सम्मान से नवाजा जाएगा। ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- “आज गणतंत्र दिवस है। आज ही के दिन हमारे गणतंत्र का प्रारंभ हुआ था। आज़ादी के बाद देश के लोगों को अपना गणतंत्र इसी दिन मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश दुनिया के सर्वोत्तम देशों की श्रेणी में पहुंचे और मध्य प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान रचे, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं। पद्मश्री पुरस्कार के लिए मध्य प्रदेश के चार लोगों का चयन होना हम सभी के लिए गर्व की बात है।”