छिंदवाड़ाः मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी छिंदवाड़ा पहुंचे। जहां उन्होंने सिमरिया मंदिर के पास हुई बस दुर्घटना में जान गवांने वाले लोगों के परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं एवं दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

जीतू पटवारी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को कांग्रेस की तरफ से 50-50 हजार रुपए, कांग्रेस विधायकों की तरफ से 30-30 हजार रुपए और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तरफ से 20-20 हजार रुपए सहायता दी गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनी हुई सरकार कैसे सरकारी हत्या करती है इसका उदाहरण एक बार फिर छिंडवाड़ा में देखने को मिला। इससे पहले छिंदवाड़ा में ही 26 बच्चों की एक कफ सिरफ पीने से जान चली गई थी। सिर्फ एक डॉक्टर और कफ सिरफ के मालिक को सजा हुई थी वह भी छूट गए। लेकिन जिनके बच्चे चले गए उनको न मुआवजा ढंग से मिला और न किसी प्रकार की खास सहायता मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक आंगवाड़ी कार्यकर्ता को कहा गया था कि अगर 40 महिलाओ को लेकर नहीं आए तो उन्हें नौकरी से हटा दिया जाएगा। वो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता खुद तो मौत के आगेश में चली गई वहीं उसके द्वारा बुलाई गयी महिलाएँ घायल हो गई। एक भोजन सहायिका को कहा गया था कि अगर वो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं गई तो उन्हें नौकरी से हटा दिया जाएगा। एक तरह से कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के भाषण सुनने के लिए कैसे ढो कर लाया जाता है इसका उदाहरण देखने को मिला।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि वल्लभ भवन की पांचवीं मंजिल दलालों का अड्डा बन गया है। गेहूं खरीद की तारीख जा रही है आ नहीं रही है उधर सोसाइटी भरने की तारीख आ गई। पैसा जमा न कर पाने से सोसाइटी के 70 प्रतिशत किसान डिफॉल्ट हो गए। लेकिन किसानों के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता नहीं दिखती कि किसानों के लिए कुछ कर दें। किसानों के मामले में उन्होंने सवाल किया कि मक्का का 2400 रुपए समर्थन मूल्य है छिंदवाड़ा में 1500 में क्यों बिक रही है। सरकार ने 6000 रुपए सोयाबीन का मूल्य तय किया था क्यों नहीं खरीदी। जिस तरह प्रधानमंत्री ने ट्रंप के सामने घुटने टेक दिए इसका असर हर घर का हो रहा है। राहुल गांधी ने पहले ही सरकार को आगाह किया था।

सरकार ने गैस के दाम बढ़ गए, बिजली के दाम बढ़ा दिए गए। मध्यप्रदेश में सोमवार को इन सब बातों को लेकर एक साथ हर ब्लॉक में कांग्रेस के कार्यकर्ता तहसील और बिजली के कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने छिंदवाड़ा की जनता से आग्रह किया कि कमलानाथ ने सभी को समान दृष्टि से देखा है चाहे वो कांग्रेस कार्यकर्ता हो या बीजेपी का हो। कुल मिलाकर छिंदवाड़ा और कमलनाथ एक सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने जनता से फिर से कांग्रेस का सहयोग करने की अपील की है।
छिंदवाड़ा से संवाददाता श्याम साहू की रिपोर्ट