1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से अभी और खिलाड़ी हटेंगे: एंडी मरे

यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से अभी और खिलाड़ी हटेंगे: एंडी मरे

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से अभी और खिलाड़ी हटेंगे: एंडी मरे

पूर्व ओलंपिक चैंपियन और तीन बार के ग्रैंड स्लेम विजेता ब्रिटेन के एंडी मरे ने कहा है कि विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की एश्लीग बार्टी के साल के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन से हटने के बाद और खिलाड़ी भी कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए यूएस ओपन से हट सकते हैं। 

ऑस्ट्रेलिया की बार्टी ने गुरुवार को कहा था कि वह अमेरिका की यात्रा करने को लेकर सहज महसूस नहीं कर रही हैं और यूएस ओपन से हट रही हैं। यूएस ओपन 31 अगस्त से शुरू होना निर्धारित है। पूर्व नंबर एक मरे ने ब्रिटिश मीडिया से कहा, “मैंने सुना है कि कुछ शीर्ष पुरुष खिलाड़ी यूएस ओपन में नहीं खेलने जा रहे हैं और मुझे लगता है कि इसके पीछे कोरोना का ही मामला हो सकता है। खेलना या नहीं खेलना हर किसी का निजी फैसला है। यदि वे खुद को सुरक्षित नहीं समझते हैं, सहज महसूस नहीं करते हैं, यात्रा कर खुद को और अपनी टीम को खतरे में डालना नहीं चाहते हैं तो इस बात को समझा जा सकता है।”

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और नंबर दो राफेल नडाल तथा पूर्व नंबर एक सेरेना विलियम्स यूएस ओपन के अभ्यास टूर्नामेंट वेस्टर्न एंड सदर्न ओपन में खेलने जा रहे हैं जो इस बार 20 से 28 अगस्त तक न्यूयार्क में होगा। इससे पहले यह टूर्नामेंट सिनसिनाटी में आयोजित किया जाता रहा था लेकिन कोरोना के कारण इस बार न्यूयार्क में होने जा रहा है। दोनों टूर्नामेंट दर्शकों के बिना खेले जाएंगे। 

अमेरिकी टेनिस संघ इन टूर्नामेंटों के लिए जैविक सुरक्षा वातावरण तैयार करेगा। बता दें कि विश्व की महाशक्ति माने वाले देश अमेरिका में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के लगातार सामने आ रहे नए मामलों से देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 45 लाख को पार कर 4,558,994 पर पहुंच गई है। 

अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 153,311 हो गई हैं। इस महामारी से कैलिफोर्निया सबसे अधिक प्रभावित हुआ जहां अभी तक 500,057 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 

इसके अलावा फ्लोरिडा में 470,386, टेक्सास में 435,95, न्यूयॉर्क में 415,014, जॉर्जिया में 18में 6,352, न्यूजर्सी 181,660, इलिनोइस में 180,115 और एरिज़ोना में 174,010 तथा नॉर्थ कैरोलिना में कोरोना के अबतक 122,298 मामलों की पुष्टि हो चुकी हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...