1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: सैनिक भारत की सीमाओं के साथ देश के स्वाभिमान की भी करते हैं रक्षा – CM डॉ. मोहन यादव

MP News: सैनिक भारत की सीमाओं के साथ देश के स्वाभिमान की भी करते हैं रक्षा – CM डॉ. मोहन यादव

उज्जैन में आयोजित राज्य सैनिक रैली को मुख्यमंत्री ने वर्चुअली किया संबोधित...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: सैनिक भारत की सीमाओं के साथ देश के स्वाभिमान की भी करते हैं रक्षा – CM डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सैनिक केवल भारत की सीमाओं की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि देश के स्वाभिमान और सम्मान के भी रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति वर्दी पहनकर देश की सेवा में खड़ा होता है, उसके सामने पूरा राष्ट्र नतमस्तक होता है। सैनिकों के मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण के कारण ही आज भारत का तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहरा रहा है। मुख्यमंत्री उज्जैन में आयोजित राज्य सैनिक रैली को भोपाल स्थित राजकीय विमानतल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, सैनिकों के त्याग को नमन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनका योगदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा।

सैनिकों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनाएं प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सैनिकों के प्रति उनकी संवेदनाएं अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जिन वीर सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, उनकी क्षति की पूर्ति संभव नहीं है, लेकिन सरकार हर कदम पर उनके परिवारों के साथ खड़ी है।

शहीद परिवारों के लिए सशक्त कल्याण योजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार शहीद आश्रितों को पेंशन, वित्तीय सहायता, रोजगार और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर और सम्मानपूर्वक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यकता पड़ने पर इन योजनाओं को और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि-

  • शहीदों के माता-पिता को दी जाने वाली मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।

  • शहीदों की पुत्रियों और बहनों के विवाह पर 51,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

  • युद्ध एवं सैन्य कार्रवाई में शहीद हुए सेना एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के आश्रितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है।

पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विशेष सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवासरत द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिकों और उनकी पत्नियों की मासिक पेंशन 8,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह की गई है, जो देश में सर्वाधिक है। विभिन्न शौर्य और विशिष्ट सेवा अलंकरणों से सम्मानित सैनिकों एवं उनके आश्रितों को राज्य शासन द्वारा सर्वाधिक सम्मान राशि प्रदान की जाती है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश निवासी ऐसे माता-पिता, जिनकी पुत्री सेना में सेवाएं दे रही है, उनकी सम्मान निधि 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रतिवर्ष कर दी गई है।

सैनिक कल्याण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश सैनिक कल्याण निदेशालय को रक्षा मंत्री द्वारा “प्रोगेसिव स्टेट ट्रॉफी” से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है तथा सैनिक विश्राम गृहों के उन्नयन का कार्य भी निरंतर जारी है। इसके साथ ही प्रदेश में रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

सैनिक रैली से राष्ट्र गौरव और एकता सुदृढ़ होने की कामना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सैनिक रैली राष्ट्र गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करे, यही उनकी कामना है। उन्होंने सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को आगामी गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...