1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शुजालपुर नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष, CM डॉ. मोहन ने नए भवन और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा की

शुजालपुर नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष, CM डॉ. मोहन ने नए भवन और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुजालपुर नगरपालिका परिषद के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शताब्दी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने नए नगरपालिका भवन के लिए 3 करोड़ और विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा की।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
शुजालपुर नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष, CM डॉ. मोहन ने नए भवन और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शुजालपुर नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि नहीं बल्कि नगर के हर नागरिक के सम्मान और गौरव का उत्सव है। यह अवसर नगर की समृद्ध विरासत, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जटाशंकर महादेव की कृपा से शुजालपुर नगरपालिका परिषद ने जनसेवा और लोककल्याण के 100 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। मुख्यमंत्री ने शुजालपुर नगरपालिका परिषद के नए भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए तथा नगर क्षेत्र में सड़कों और अन्य विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

वर्चुअली संबोधित किया शताब्दी समारोह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को शुजालपुर में आयोजित नगरपालिका परिषद के शताब्दी वर्ष समारोह को मंत्रालय भोपाल से वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुजालपुर नगर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इसे राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में और ऊंचा स्थान दिलाने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएंगे।

शुजालपुर में लगातार हो रहा विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में शुजालपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। इसमें ऑडिटोरियम और सीसी रोड निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, कायाकल्प योजना के तहत सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 60 लाख रुपए और अमृत 2 योजना के अंतर्गत जल आपूर्ति व्यवस्था के लिए 12 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है, जिससे शुजालपुर धीरे-धीरे विकास के एक आदर्श मॉडल के रूप में उभर रहा है।

शुजालपुर की ऐतिहासिक और वीरता की परंपरा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शुजालपुर वीरों की भूमि रही है। इतिहास में जब पेशवा बाजीराव प्रथम ने मालवा क्षेत्र में विजय प्राप्त की थी, तब शुजालपुर उनकी रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल था। इस क्षेत्र में पेशवाओं की सेना का नेतृत्व करते हुए राणोजी शिंदे ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था। उनकी स्मृति में बने भव्य शिव मंदिर और ऐतिहासिक छतरी आज भी लोगों को शौर्य और बलिदान की प्रेरणा देते हैं।

1926 में हुई थी नगरपालिका परिषद की स्थापना

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज से लगभग 100 वर्ष पहले वर्ष 1926 में शुजालपुर में नगरपालिका परिषद की स्थापना की गई थी। उस समय लिया गया विकास का संकल्प आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। राज्य सरकार नगरपालिका परिषद के माध्यम से हर घर तक सड़क, बिजली और पानी पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जमघड़ नदी को स्वच्छ रखने के लिए 21 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से कार्य करने की योजना बनाई गई है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार सिद्ध होगी।

जनभागीदारी से होगा शुजालपुर का और विकास

मुख्यमंत्री ने नगर के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से शुजालपुर को विकास के शिखर तक पहुंचाया जा सकता है।

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे अपने विचार

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से शुजालपुर में नए और बड़े बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटन का अनुरोध भी किया। कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विजेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, विभिन्न जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...