नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जहां देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है तो वहीं दिल्ली का शाहीन बाग मामला हर रोज नया रुप लेता जा रहा है। शाहीन बाग में पिछले 52 दिनों से धरने पर बैठे लोग इस कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक यहां पर तीन बार फायरिंग हो चुकी है जिसे देखते हुए यहां पर रैपिड एक्शन फोर्स और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स तैनात किया जा रहा है।
दरअसल, विरोध प्रदर्शन के दौरान शाहीन बाग में तीन बार फायरिंग की गई है। इस घटना के बाद सोमवार शाम से इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात कर दिया गया है। और साथ ही BSF के जवान भी पहुंच चुके हैं। फोर्स की तैनाती एहतियात के तौर पर की गई है।
शाहीन बाग में बैठे प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार जब तक नागरिकता संशोधन कानून को वापस नहीं लेती तब तक वो धरना पर बैठे रहेंगे। पुलिस ने फायरिंग करने वालों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
बताते चले कि, बिते दिनों जामिया इस्लामिया के गेट नंबर 5 पर स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर फायरिंग की, हालांकि गोली किसी को लगी नहीं, लेकिन इससे मौके पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, गोली चलाने के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए।