दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने तीन वकीलों की टीम बनाकर इस मामले को खत्म करने का आदेश दिया था। जिसके लिए आज वार्ताकार शाहीन बाग पहुंचे और वहां प्रदर्शनकारियों से करीब दो घंटे तक बातचीत की। आज की बातचीत खत्म हो गई, कल फिर बातचीत होगी। आज की बातचीत मीडिया की गैर मौजूदगी में हुई।
वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन आज तीन बजे प्रदर्शनकारियों से मिलने शाहीन बाग पहुंचे। उन्होंने कहा कि, वे सुप्रीम कोर्ट की तरफ से बातचीत करने आए हैं ताकि कोई हल निकाला जा सके। साधना ने प्रदर्शनस्थल पर बड़ी संख्या में जमा लोगों से कहा, सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शन करने के आपके अधिकार को बरकरार रखा है। लेकिन अन्य नागरिकों के भी अधिकार हैं, जिन्हें बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, हम मिलकर समस्या का हल ढूंढना चाहते हैं, हम आपकी बात सुनेंगे।
प्रदर्शनकारियों से मिलने के बात साधना रामचंद्रन ने कहा कि, हम उनसे मिले और उनकी बाते सुनीं। हमने उनसे पूछा कि क्या वे चाहते हैं कि हम कल वापस आएं क्योंकि एक दिन में वार्ता पूरी करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि हम कल वापस आएं, इसलिए हम आएंगे।
आपको बताते चले कि, शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पिछले 67 दिनों से धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। धरना पर बैठे लोगों की वजह से दिल्ली औ नोएडा को जोड़ने वाली कालिंदी कुंज रोड बंद पड़ा हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक ये कानून वापस नहीं लिया जाता है तब तक वे यहां से नहीं हटेंगे। इस धरना की वजह से लोगों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है।