बुरहानपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र के ग्राम भावसा के मोरखेड़ा में पशुओं के लिए जमा किया गया भारी मात्रा में चारा आग की चपेट में आ गया। अचानक लगी इस आग में करीब 60 ट्रॉली चारा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने बारिश के मौसम के लिए पशुओं के चारे का भंडारण किया था। आग लगने से लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद शाहपुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सूचना मिलने पर पटवारी शैलेंद्र गढ़वाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पीड़ित पशुपालक वालजी गवली ने बताया कि उन्होंने किसानों से खरीदकर लगभग 60 ट्रॉली चारा जमा किया था, जो पूरी तरह जल गया। उन्होंने कहा कि अचानक लगी आग के कारण भारी नुकसान हुआ है और अब पशुओं के चारे की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।