भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि परिषद की बैठक हुई। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर फैसले लिए गए। आज मध्य प्रदेश कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने साझा की। बैठक में महिला सशक्तिकरण, कृषि, सिंचाई, पोषण और नक्सल उन्मूलन जैसे कई अहम मुद्दों पर फैसले लिए गए।
मध्य प्रदेश कैबिनेट ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही राज्य में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कृषि क्षेत्र को लेकर भी कैबिनेट में व्यापक चर्चा हुई। उन्नत कृषि महोत्सव के जरिए किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सिंचाई क्षेत्र के विस्तार के लिए मिडवासा सिंचाई योजना को मंजूरी दी गई है। कृषि और किसानों के व्यवसाय को लाभकारी बनाने पर विशेष मंथन किया गया।
प्रधानमंत्री द्वारा NBS सब्सिडी को स्वीकृति दिए जाने पर कैबिनेट ने धन्यवाद दिया, जो पिछली बार से 417 करोड़ रुपये अधिक है। नक्सल उन्मूलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का अभिनंदन किया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आदिवासी महोत्सव आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा लोक निर्माण और पोषण से जुड़ी कई योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। राज्य में दुग्ध उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 9.96 लाख लीटर से बढ़कर 12.46 लाख लीटर हो गया है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण मज़बूत करना है। कुल मिलाकर, मध्य प्रदेश कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य के विकास और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट