देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने होम लोन्स पर स्पेशल ऑफर्स की घोषणा की है। बैंक ने कहा कि एसबीआई में होम लोन के लिए आवेदन करने वालों को तीन अतिरिक्त लाभ मिलेंगे।
ये हैं- जीरो प्रोसेसिंग शुल्क, 30 लाख से अधिक और एक करोड़ से कम के होम लोन के लिए उच्च सिबिल स्कोर वाले ग्राहकों को 0.10 फीसद की ब्याज छूट और ग्राहक द्वारा एसबीआई योनो एप से आवेदन करने पर 0.05 फीसद की अतिरिक्त छूट। इस तरह एसबीआई होम लोन पर ग्राहकों को तीन अतिरिक्त लाभ दे रहा है।
एसबीआई में सभी नए होम लोन बाहरी बेंचमार्क से लिंक्ड हैं, जो इस समय 6.65 फीसद है। एसबीआई की ईबीआर रेपो रेट से लिंक्ड है।
इस समय एसबीआई में होम लोन पर ब्याज दर वेतनभोगी ग्राहकों के लिए 6.95 फीसद से 7.45 फीसद के बीच और स्व रोजगार वाले ग्राहकों के लिए 7.10 से 7.60 फीसद के बीच है।