विदिशाः पीतलमिल क्षेत्र में शराब दुकान को मुख्य सड़क पर वापस लाने की तैयारी के विरोध में स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। दुकान को दोबारा मेन रोड पर लाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाओं और बुजुर्गों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक पिछले तीन वर्षों से मुख्य सड़क पर दुकान होने के कारण क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज और जाम की स्थिति बनी रहती थी। हाल ही में दुकान को गली के अंदर शिफ्ट किया गया था, जिससे क्षेत्र में शांति थी। लेकिन आबकारी विभाग द्वारा दुकान पर ताला लगाए जाने और उसे पुनः सड़क पर लाने के दबाव से लोग आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि विभाग बिना किसी लिखित आदेश और राजनीतिक दबाव में यह कार्रवाई कर रहा है। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर दुकान वापस मुख्य सड़क पर आई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
विदिशा से संवाददाता विनोद सूर्यवंशी की रिपोर्ट