मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
बारेलाल अहिरवार ने कहा कि अनुसूचित जाति, पिछड़े और अशिक्षित परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। इसके लिए आयोग लगातार जिलों का दौरा कर रहा है और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें की जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि आयोग अब तक प्रदेश के 12 से अधिक जिलों का भ्रमण कर चुका है। इस दौरान प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि हितग्राहियों को राहत मिल सके।

बारेलाल अहिरवार ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग की समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए जल्द ही जिला स्तर पर जन शिकायत निवारण शिविर शुरू किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से भोपाल में आमजन की शिकायतें सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देते हैं। साथ ही, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही लाभान्वित हो सकें। इसी माह होने वाली बैठक में जनजागरूकता अभियान और शिविरों की रूपरेखा पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।