रसोई गैस के दामों में हुई वृद्धि के बाद कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक ट्वीट किया है जिसमें स्मृति ईरानी सिलेंडर लेकर सड़क पर प्रजर्शन करती नजर आ रही हैं।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए स्मृति ईरानी के फोटो के साथ लिखा है कि, मैं बीजेपी के इन सदस्यों से सहमत हूं जो एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 150 रुपए की बड़ी वृद्धि का विरोध कर रहे हैं। इसके आगे उन्होंने #RollBackHike हैशटैक इस्तेमाल करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की है।
बताते चले कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोलियम कंपनियों ने बुधवार को देश में उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए रसोई गैस सिलेंडर के दाम में भारी इजाफा किया है। बिना सब्सिडी के 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर देश के विभिन्न हिस्सों में 149 रुपए तक महंगा हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम 144.50 रुपए बढ़ गया है।
गौरतलब हो कि राहुल गांधी ने इससे पहले कोरोना वायरस को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि, सरकार इस वायरस को लेकर सजग नहीं है इससे इकोनॉमी पर भारी असर पड़ेगा। इसी ट्वीट की वजह से राहुल गांधी काफी ट्रोल भी हुए।