टीकमगढ़ जिले की ग्राम पंचायत फुटेर चक्र 2 (जनपद पंचायत बल्देवगढ़) में केंद्र सरकार की नल-जल योजना के तहत बनी पानी की टंकी और पाइपलाइन के बावजूद ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस योजना का लाभ जमीनी स्तर पर नहीं पहुंच रहा है।
भीषण गर्मी के दौरान ग्राम पंचायत के लोगों, विशेषकर महिलाओं को पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है। गांव में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन आज भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस मामले में ग्रामीण देवेंद्र यादव ने एचपीई विभाग के सहायक यंत्री अरविंद सिंह से बातचीत की। अधिकारियों का कहना है कि पानी आपूर्ति की जिम्मेदारी पंचायत को सौंपी जा चुकी है और टंकी का हैंडओवर भी कर दिया गया है। वहीं विभाग का कहना है कि अब पानी सप्लाई में उनकी कोई भूमिका नहीं है।
इस पूरे मामले से जुड़ी बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद योजना की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि नल-जल योजना को सही तरीके से लागू किया जाए और जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों एवं संस्थाओं पर कार्रवाई करने की मांग की है।