रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नई दिल्ली : कोरोना महामारी का कहर लगातार जारी है। इस बीच कई जगहों पर ऑक्सीजन की किल्लत की खबरें भी आ रही है। हालांकि, महामारी के गंभीर संकट के बावजूद देश के कई क्षेत्रों में कालाबाजरी भी शुरू हो गयी है। ऐसा ही एक मामला दिल वालों की दिल्ली से सामने आया है। जहाँ पुलिस ने ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहे कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 83 ऑक्सीजन सिलेंडर भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंडस्ट्रियल ऑक्सीजन का कारोबार करता है। इन दिनों वो मेडिकल ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहा था। उसके पास इस काम का कोई लाइसेंस नहीं है।
बता दें कि मामला साउथ वेस्ट दिल्ली के सागरपुर इलाके का है। जहां दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दशरथपुरी के एक घर से ऑक्सीजन के 67 बड़े और 16 छोटे सिलेंडर बरामद किए। आरोपी अनिल कुमार मौके से पकड़ा गया। वो एक इंडस्ट्रियल ऑक्सीज़न का कारोबारी है। उसने अपने घर में ये सिलेंडर छुपा रखा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अनिल कुमार ऑक्सीज़न को बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में ट्रांसफर करता था। जिसके बाद वो जरूरतमंद को एक सिलेंडर 12,500 रुपये में बेच रहा था। छानबीन में पुलिस को यह भी पता चला कि अनिल का मायापुरी में एक गोदाम है। आरोपी अनिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के साथ ही जब्त किए गए सिलेंडरों को जरूरतमंदों में बांटने की अनुमति भी मांगी थी। जिस पर कोर्ट ने मंजूर दे दी है। अब बरामद किए गए ऑक्सीजन सिलेंडर शनिवार को पुलिस जरूरतमंदों को देगी।
आपको बताते चलें कि कोरोना संकट में ऑक्सीजन की कालाबाजारी को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली से सटे नोएडा में जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है। जिसके तहत कोई भी व्यक्ति अगर ऑक्सीजन की ब्लैक मार्केटिंग करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी।