प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया से राज्य को 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी। असम यात्रा के बाद पीएम मोदी सीधे पूर्णिया पहुंचे, जहां उन्होंने नए सिविल एन्क्लेव के अस्थायी टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो (कोलकाता-पूर्णिया-कोलकाता) को पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट बिहार का चौथा कॉमर्शियल एयरपोर्ट बन गया है। पटना, गया और दरभंगा के बाद अब सीमांचल के लोगों को हवाई सेवा की सुविधा मिलेगी। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से पूर्णिया के साथ-साथ अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
यह नया टर्मिनल एयरपोर्ट की क्षमता और सुविधाओं में वृद्धि करेगा और क्षेत्र के विकास एवं इंटरकनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। एयरपोर्ट से कोलकाता और अहमदाबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध होगी। फिलहाल इंडिगो की कोलकाता फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज शुरू की गई योजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनेंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को उनके अपने घर का सपना साकार हुआ है। इसके अलावा उन्होंने 36 हजार करोड़ से अधिक की विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 5 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही हो सकता है। ऐसे में पीएम मोदी की यह सौगात सियासी रूप से भी अहम मानी जा रही है। चुनावी माहौल में जहां विपक्ष अपनी तैयारियों में जुटा है, वहीं बीजेपी और एनडीए सरकार विकास कार्यों और नई परियोजनाओं के सहारे जनता को साधने का प्रयास कर रही है।