राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आज से अंतरराष्ट्रीय सूफी संगीत महोत्सव ‘जहान-ए-खुसरो 2025’ का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य समारोह में शाम 7:30 बजे शामिल होंगे और सूफी संगीत, कविता और नृत्य से सजे इस महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन रूमी फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2001 में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मुजफ्फर अली ने की थी।
‘जहान-ए-खुसरो’ महोत्सव सूफी संत अमीर खुसरो की स्मृति और उनकी अद्भुत सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है। यह दुनिया भर के सूफी कलाकारों को एक मंच पर लाने वाला प्रमुख आयोजन है। इस साल यह महोत्सव अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है, और इसका समापन 2 मार्च 2025 को होगा।
टीईएच बाजार का भी अवलोकन करेंगे
महोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी ‘टीईएच बाजार’ (TEH Bazaar) का भी अवलोकन करेंगे, जहां हस्तनिर्मित वस्त्र, हस्तशिल्प, हथकरघा और एक जिला-एक उत्पाद से जुड़ी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, इन पारंपरिक कलाओं पर बनी लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
‘जहान-ए-खुसरो 2025’ न केवल सूफी संस्कृति का उत्सव है, बल्कि यह भारतीय कला, संगीत और शिल्प को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।