1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. State Foundation Day : राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने कई राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

State Foundation Day : राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने कई राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

State Foundation Day : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर बधाई दी।दोनों नेताओं ने इन प्रदेशों की प्रगति, खुशहाली और देश के विकास में योगदान की सराहना की।पीएम मोदी ने विशेष रूप से हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल और कर्नाटक के विकास और सांस्कृतिक गौरव का उल्लेख किया।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
State Foundation Day : राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने कई राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी के स्थापना दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों की खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि इन प्रदेशों ने भारत की एकता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आने वाले समय में भी ये क्षेत्र नई ऊंचाइयां प्राप्त करें, यही मेरी शुभेच्छा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर उनके निवासियों को हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रदेशों ने भारत की प्रगति में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है और ये अपने विकास पथ पर नए कीर्तिमान स्थापित करते रहें।

हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह ऐतिहासिक भूमि हमारे किसानों की मेहनत, जवानों के पराक्रम और युवाओं के अद्भुत योगदान के लिए जानी जाती है। उन्होंने प्रदेश के लोगों के उज्ज्वल भविष्य और खुशहाली की कामना की।

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित यह राज्य आज विकास के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मेहनती और हुनरमंद लोग विकसित भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध यह राज्य आज हर क्षेत्र में तेज गति से प्रगति कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यहां के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोग भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम योगदान देंगे।

केरल दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘केरल पिरवी दिवस’ उस राज्य का उत्सव है जो अपनी सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मकता और नवाचार के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने केरल के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।

कर्नाटक के ‘कन्नड़ राज्योत्सव’ पर पीएम मोदी ने कहा कि यह राज्य मेहनत, ज्ञान और संस्कृति का प्रतीक है। कर्नाटक के लोग अपनी साहित्यिक, कलात्मक और वैज्ञानिक उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था। पंजाब और हरियाणा का गठन 1966 में तथा छत्तीसगढ़ का गठन 2000 में मध्य प्रदेश से अलग होकर हुआ था। पुडुचेरी सहित ये सभी प्रदेश हर वर्ष 1 नवंबर को अपना स्थापना दिवस मनाते हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...