प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार जिले का दौरा किया और प्रदेश की जनता को बड़ी सौगातें दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने यहां देश के पहले पीएम मित्रा पार्क की आधारशिला रखी और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सबसे पहले स्वदेशी पर जोर देते हुए कहा कि “जो भी खरीदें, वह देश में ही बना होना चाहिए। उसमें हिंदुस्तानी मजदूरों का पसीना और मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए।” उन्होंने लोगों से अपील की कि विदेशी वस्तुओं की जगह स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें, क्योंकि इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और नए रोजगार के अवसर बनते हैं।
धार में बनने वाले पीएम मित्रा पार्क को लेकर उन्होंने कहा कि यह पार्क कपास से लेकर कपड़े के निर्यात तक की पूरी श्रृंखला को जोड़ देगा। खेती से फैशन और फैक्ट्री से विदेशी बाजार तक पांच ‘एफ’ का यह मॉडल भारत को वैश्विक स्तर पर टेक्सटाइल उद्योग में नई पहचान दिलाएगा। इस परियोजना से लाखों किसानों और युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में महिलाओं और गरीबों के कल्याण पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में सरकार की नीतियों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मुद्रा योजना, पीएम आवास योजना और लखपति दीदी अभियान जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे अभियानों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान को मातृ शक्ति को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब शुरुआती चरण में की जा सकेगी। साथ ही आदिवासी इलाकों में चल रहे सिकल सेल एनीमिया अभियान से करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “आज का भारत घर में घुसकर दुश्मन का सफाया करना जानता है।”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता और विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने धार को देश का गौरव बताते हुए कहा कि पीएम मित्रा पार्क प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।