1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. Bihar Elections : अररिया रैली में पीएम मोदी का राजद पर वार:1990 से 2005 तक बिहार में सिर्फ लूटपाट, विकास शून्य

Bihar Elections : अररिया रैली में पीएम मोदी का राजद पर वार:1990 से 2005 तक बिहार में सिर्फ लूटपाट, विकास शून्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अररिया रैली में राजद पर हमला करते हुए कहा कि 1990 से 2005 तक बिहार में विकास शून्य रहा।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Bihar Elections : अररिया रैली में पीएम मोदी का राजद पर वार:1990 से 2005 तक बिहार में सिर्फ लूटपाट, विकास शून्य

अररिया में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 1990 से 2005 तक के 15 वर्षों के शासन में बिहार में विकास “शून्य” रहा। उन्होंने कहा कि उस दौर में “जंगलराज” की सरकार ने राज्य को पूरी तरह बर्बाद कर दिया और शासन के नाम पर केवल लूटपाट हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन 15 वर्षों में बिहार में न कोई एक्सप्रेसवे बना, न कोसी नदी पर कोई नया पुल, न ही कोई पर्यटन सर्किट विकसित हुआ। युवाओं और बेटियों के लिए खेल परिसर, मेडिकल कॉलेज, IIT या IIM तक नहीं बने। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “विकास का हाल ‘निल बट्टे सन्नाटा’ रहा।”

मोदी ने कहा कि जो लोग जंगलराज चलाते थे, वे खुद को बिहार का “माई-बाप” समझते थे, जबकि उनके लिए जनता ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “मोदी का माई-बाप जनता-जनार्दन है, आप ही मेरे मालिक हैं, आप ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं।”

प्रधानमंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लोकतंत्र का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मतदान केंद्रों से उत्साहजनक तस्वीरें सामने आ रही हैं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भागीदारी लोकतंत्र की ताकत को दर्शाती है।

एनडीए की जीत को लेकर आत्मविश्वास जताते हुए उन्होंने कहा, “आज पूरे बिहार से एक ही आवाज आ रही है फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार।” उन्होंने युवाओं से कहा, “मोदी की गारंटी है कि आपका सपना ही मोदी का संकल्प है।” प्रधानमंत्री ने अंत में सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...