प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगटोक में सिक्किम के राज्यत्व के 50वें वर्ष (स्वर्ण जयंती) के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने ₹4000 करोड़ से अधिक की बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम पालजोर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां पीएम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, शांति और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे “पूरब का स्वर्ग” और “ऑर्किड्स का गार्डन” बताया। उन्होंने कहा कि सिक्किम की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
प्रधानमंत्री ने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि सिक्किम ने विविधता में एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने रोड शो और लोगों के उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि यह देशभक्ति की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने उत्तर-पूर्व क्षेत्र को “अष्टलक्ष्मी” बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत की समृद्धि का महत्वपूर्ण केंद्र है। पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार “एक्ट ईस्ट” के साथ-साथ “एक्ट फास्ट” नीति पर काम कर रही है, ताकि नॉर्थईस्ट का तेजी से विकास हो सके।
उन्होंने सिक्किम के लोगों की सादगी और सौम्यता की प्रशंसा की और राज्य सरकार द्वारा विकास कार्यों में किए जा रहे प्रयासों को सराहा। पीएम ने कहा कि सिक्किम की विरासत को संजोते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।