1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश? लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा

राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश? लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा

बिहार के सारण जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित साजिश की आशंका ने रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। रेलवे ट्रैक पर रखी गई करीब 1000 लीटर क्षमता की खाली पानी की टंकी से राजधानी एक्सप्रेस का इंजन टकरा गया। राहत की बात यह रही कि लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

By: BS Yadav 
Updated:
राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश? लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा

Bihar News: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के सामने अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1000 लीटर क्षमता की खाली पानी की टंकी रख दी। इंजन टंकी से टकरा गया, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा रेल हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग चार घंटे की देरी से चल रही थी। ट्रेन रात 1:40 बजे छपरा जंक्शन पहुंची और 1:48 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। करीब 1:58 बजे रिविलगंज थाना क्षेत्र के विजय राय टोला गांव के समीप इंजन रेलवे ट्रैक पर रखी पानी की टंकी से टकरा गया। टक्कर के बाद टंकी इंजन के अगले हिस्से में फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति गंभीर हो गई।

घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने ट्रेन की गति नियंत्रित करते हुए रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। एहतियात के तौर पर ट्रेन को गौतम स्थान रेलवे स्टेशन पर रोका गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी टीम ने इंजन में फंसी टंकी को हटाकर उसकी जांच की। सभी आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सुबह करीब 3:15 बजे राजधानी एक्सप्रेस को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान रेल परिचालन करीब एक घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रहा।

घटना के समय तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रिविलगंज थाना पुलिस, रेल पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना, लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को सुरक्षित होने की जानकारी देकर स्थिति सामान्य कराई।

घटना के बाद पुलिस और रेल पुलिस ने विजय राय टोला गांव में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। जिस घर की पानी की टंकी ट्रैक पर रखी गई थी, उसके मालिक वर्तमान में छपरा शहर में किराये के मकान में रहते हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा घटना के समय की मोबाइल डंप, संदिग्ध मोबाइल लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि टंकी ट्रैक पर रखने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।

रेलवे और पुलिस अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में इसे राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की प्रमुख टाइमलाइन

1:40 बजे: राजधानी एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से छपरा जंक्शन पहुंची।

1:48 बजे: ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।

1:58 बजे: विजय राय टोला के पास ट्रैक पर रखी पानी की टंकी से इंजन टकराया।

2:00 बजे: लोको पायलट ने रेलवे कंट्रोल को सूचना दी।

2:35 बजे: रिविलगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

2:40 बजे: रेलवे की मैकेनिकल टीम और रेल पुलिस मौके पर पहुंची।

3:10 बजे: इंजन से फंसी टंकी हटाई गई और तकनीकी जांच पूरी हुई।

3:15 बजे: राजधानी एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

4:00 बजे: गांव में घेराबंदी कर सघन जांच और पूछताछ शुरू की गई

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...