1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. गुजरात से रेमडेसिविर ला रहा विमान ग्वालियर में रनवे पर फिसला, 2 पायलट समेत 3 घायल

गुजरात से रेमडेसिविर ला रहा विमान ग्वालियर में रनवे पर फिसला, 2 पायलट समेत 3 घायल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
गुजरात से रेमडेसिविर ला रहा विमान ग्वालियर में रनवे पर फिसला, 2 पायलट समेत 3 घायल

ग्वालियर: अहमदाबाद से रेमडेसिविर इंजेक्शन लेकर ग्वालियर पहुंचा मध्य प्रदेश सरकार का 6 सीटर विमान गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्वालियर में लैंडिंग के दौरान पलट गया। विमान के इंजन में कोई तकनीकी खराबी आने से पायलट उसे नियंत्रित नहीं कर सका। इस हादसे में सीनियर पायलट कैप्टन माजिद अख्तर, को पायलट शिवशंकर जायसवाल और एक अफसर घायल हो गए। तीनों घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराजपुरा सीएसपी रवि भदौरिया के मुताबिक हादसे की जांच कराई जा रही है।

पायलट की समझदारी से बड़ा हादसा टला

यह प्लेन रेमडेसिविर इंजेक्शन लेकर पहले इंदौर आया था। यहां अनलोडिंग करके बाकी के डोज लेकर ग्वालियर पहुंचा था। यहां लैंडिंग करते समय अचानक विमान के इंजन में कोई तकनीकी खराबी आ गई। गनीमत रही कि सीनियर पायलट माजिद अख्तर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तय पॉइंट से करीब 200 मीटर पहले ही प्लेन की लैंडिंग करा दी। चूंकि वे विमान की स्पीड कंट्रोल कर चुके थे, ऐसे में विमान रनवे से एक तरफ जाकर पलट गया।

बता दें कि यह विमान सालभर पहले ही करीब 65 करोड़ रुपए में विदेश से मंगाया गया था। पिछले हफ्ते इसे मेंटेनेंस के लिए रोके रखा गया था। करीब 100 घंटे की उड़ान पूरी करने और मेंटेनेंस के बाद इसे उड़ान भरने के लिए ओके किया गया था। इस समय यह विभिन्न शहरों में दवाएं पहुंचाने में लगा था। विमान ने ग्वालियर और चंबल अंचल के लिए रेमडेसिविर के 71 बॉक्स उतारे थे। ग्वालियर के बाद इसे जबलपुर जाना था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...