पन्ना: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पन्ना पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी को लेकर शनिवार शाम करीब 6 बजे पन्ना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा की मौजूदगी में हुई। इसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।बैठक में आगामी जन्माष्टमी, हलछठ यानी हरछठ, ईद मिलाद-उन-नबी और गणेश चतुर्थी सहित अन्य त्योहारों को लेकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस-प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। लोगों से त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों और गाइडलाइन्स का पालन करने की अपील की गई।थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।
वहीं पुलिस-प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।बैठक में एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी समुदायों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और पन्ना की आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने की अपील की।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट।