1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना की धरती ने फिर चमकाई किस्मत, 6.54 कैरेट का हीरा मिला

पन्ना की धरती ने फिर चमकाई किस्मत, 6.54 कैरेट का हीरा मिला

पन्ना के जरुआपुर गांव की उथली खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है। नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम संचालित खदान से मिले इस हीरे को हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना की धरती ने फिर चमकाई किस्मत, 6.54 कैरेट का हीरा मिला

पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक परिवार की किस्मत बदल दी है। जिले के जरुआपुर गांव स्थित उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का हीरा प्राप्त हुआ है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम दर्ज है खदान

जानकारी के अनुसार यह खदान नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम पर संचालित की जा रही है। खदान से मिले इस बहुमूल्य हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा।

कोरोना काल के बाद शुरू किया था हीरा खनन

मीणा सिंह के पति राणा सिंह वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद पन्ना पहुंचे थे। यहां हीरा मिलने की कहानियों से प्रेरित होकर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में खदानें लगानी शुरू कीं। मेहनत और धैर्य का परिणाम यह रहा कि अब तक उन्हें 15 छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं। ताजा मिला 6.54 कैरेट का हीरा उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

 

मजदूरों की मेहनत लाई रंग

खदान की देखरेख कर रहे मुनीम गौतम मिस्त्री ने बताया कि नियमित उत्खनन कार्य के दौरान मजदूरों को यह चमकदार हीरा मिला। हीरा मिलने की खबर के बाद खदान से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।

आगामी नीलामी में होगा शामिल

हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने बताया कि प्राप्त हीरे को जांच के बाद कार्यालय में जमा कर लिया गया है। अब इसे आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा, जहां इसकी गुणवत्ता और मांग के अनुसार बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...