नई दिल्ली : बिहार पंचायत चुनाव के तारीखों का ऐलान अभी भी बाकी है, लेकिन उससे पहले ही पंचायत चुनाव लगातार खबरों में बना हुआ है। चाहे वो वोटर लिस्ट में नाम जुड़ाने के लेकर हो या वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों को लेकर। एक ऐसी ही खबर बिहार के सुपौल जिले के सदर प्रखंड के बैरिया वार्ड 12 का है। जहां की मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस मतदाता सूची के अनुसार जो लोग मर चुके है, वो भी इस चुनाव में वोट डालेंगे। जिनमें प्रमुख नाम परमेश्वर राम, दुलारी देवी, सिया देवी और जागेश्वर पोद्दार का शामिल हैं।
आपको बता दें कि मृतकों के मतदाता सूची में नाम आने के बाद उनके परिजन हैरान हैं। परमेश्वर राम और दुलारी देवी के पुत्र दिनेश राम ने बताया कि उनके माता-पिता करीब तीन साल पहले गुजर चुके हैं। अब तो राशन कार्ड से भी उनका नाम हट गया है, लेकिन पता नहीं कैसे चुनाव के लिये जारी मतदाता सूची में उनका नाम दे दिया गया हैं।
जागेश्वर पोद्दार के परिजन शिवजी कुमार ने बताया कि उनके दादा की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है। जिला प्रशासन की ओर से उनके नाम का मृत्यु प्रमाण पत्र भी बन गया है। बावजूद विभाग द्वारा उनका नाम मतदाता सूची में दे दिया गया है। सिया देवी के पति महेंद्र राम का कहना है कि उनकी पत्नी की मौत को करीब एक साल हो चुकी है।
आपको बता दें कि मतदाता सूची की ये गड़बड़ी सिर्फ मृतकों तक ही सीमित नहीं है। कई ऐसे मतदाता भी हैं जिनके वार्ड में भी हेरफेर कर दिया गया है। हैरत की बात तो यह है कि लोग एक परिवार में बावजूद मतदाता सूची में अलग-अलग वार्ड के बन गए हैं। जो अब ग्रामीण के लिए परेशानी बन गई है।
वार्ड 12 निवासी लक्ष्मी राम ने बताया कि मतदाताओं से पूछे बिना जिला प्रशासन ने मतदाता सूची जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि उनके पिता हलधर राम का नाम वार्ड 11 की मतदाता सूची में दिया गया है तो उन्हें वार्ड 12 की मतदाता सूची में भेज दिया गया है। लोगों का कहना है कि बीएलओ को भी इसकी जानकारी दी गई है लेकिन वह अगली बार सुधार बात कहकर बात को टाल दे रहे हैं। लोगों का कहना था कि मतदाता सूची तैयार होने से पहले कोई भी कर्मी पूछताछ के लिए नहीं आए थे।
वहीं इस मामले में डीपीआरओ संतोष कुमार ने बताया कि मृतकों के मतदाता सूची में नाम आने की जानकारी नहीं है। हालांकि अंतिम मतदाता सूची अभी जारी होनी बाकी है। अगर कहीं ऐसा है तो मृतकों का नाम मतदाता सूची से हटाया जाएगा। ऐसे व्यक्ति जिनका मतदाता सूची में नाम नहीं हैं, उन सभी का नाम जोड़ा जाएगा। इसके लिए जल्द ही आदेश जारी कर सुधार किया जाएगा।