बिहार में सत्ता का नया अध्याय लिखते हुए नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित देशभर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
दो डिप्टी सीएम ने भी संभाली जिम्मेदारी
शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों नेताओं को भाजपा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए सत्ता संतुलन में प्रमुख भूमिका सौंपी है।
मंत्रिमंडल में कुल 26 मंत्रियों ने ली शपथ
नीतीश सरकार के नए मंत्रिमंडल में 26 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें- 14 मंत्री BJP कोटे से, 8 JDU से, 2 LJP (रामविलास) से, 1 HAM से, 1 कुशवाहा की पार्टी से शामिल किए गए हैं। कैबिनेट में इस बार एक मुस्लिम चेहरे को जगह दी गई है। जदयू ने जमा खान को लगातार दूसरी बार मंत्री बनाकर समुदाय को महत्वपूर्ण संदेश दिया है।

नए चेहरों को बड़ा मौका
मंत्रिमंडल विस्तार में 13 नए चेहरों को शामिल किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव और अंतरराष्ट्रीय शूटिंग चैंपियन एवं विधायक श्रेयसी सिंह पहली बार मंत्री बने हैं। चिराग पासवान की पार्टी से दो विधायकों को मंत्री पद मिला है, जिनमें संजय सिंह भी शामिल हैं।
शपथ के बाद पीएम मोदी ने किया अभिवादन
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से जनता की ओर गमछा हिलाकर अभिवादन किया। इस अवसर पर हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
शपथ मंच पर एक दिलचस्प दृश्य तब देखने को मिला जब चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और JP नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह दृश्य NDA की एकजुटता और सामंजस्य को दर्शाता है।