1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अद्भुत धाम है नवग्रह शक्तिपीठ : CM डॉ. मोहन

अद्भुत धाम है नवग्रह शक्तिपीठ : CM डॉ. मोहन

महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता की, इसे अद्भुत धाम बताया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
अद्भुत धाम है नवग्रह शक्तिपीठ : CM डॉ. मोहन

डॉ. मोहन यादव रविवार को डबरा में आयोजित नवग्रह शक्तिपीठ के भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा नवग्रह शक्तिपीठ परिसर “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने नवग्रह मंदिर में विधिवत दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

नवग्रह शक्तिपीठ एक अद्भुत और प्रेरणादायी धाम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि डबरा में निर्मित यह नवग्रह शक्तिपीठ वास्तव में एक अद्भुत धाम है, जो आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस पावन अवसर पर शक्तिपीठ में उपस्थित होना सौभाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नवग्रह शक्तिपीठ के निर्माण का संकल्प डॉ. नरोत्तम मिश्र द्वारा लिया गया, जिसे उन्होंने अद्भुत और प्रेरणादायी रूप में साकार किया है। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था और संस्कार का केंद्र बनेगा।

श्री कुमार विश्वास का किया अभिनंदन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसिद्ध कवि एवं कथावाचक कुमार विश्वास का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन पर मां सरस्वती की कृपा सदैव बनी रहती है। वे अपने विचारों और काव्य के माध्यम से समाज को दिशा और प्रेरणा देने का कार्य कर रहे हैं।

भगवान श्रीराम के आदर्शों से युवाओं को प्रेरणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि इतना समृद्ध राज्य छोड़कर संसाधनों के अभाव में भी दो राजकुमारों द्वारा रामराज्य का स्वप्न देखना साहस, धैर्य और आदर्श का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा स्वयंवर के समय विराट रूप के दर्शन कराना विश्व इतिहास का अद्वितीय प्रसंग है, जो युवा शक्ति के समाजहित में उपयोग और अध्ययन का विषय है।

संत समागम और श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति

पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डबरा में इस पवित्र प्रकल्प का पूर्ण होना और संतों का समागम सौभाग्य की बात है। उन्होंने साफा बांधकर और अंगवस्त्र भेंट कर मुख्यमंत्री सहित अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में कथा वाचन के माध्यम से कुमार विश्वास ने अनेक पौराणिक प्रसंग सुनाए। इस अवसर पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...