धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के मामले में सोमवार (3 अगस्त) को बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप श्रीधर से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि संदीप श्रीधर से मुंबई में केंद्रीय एजेंसी ने पूछताछ की है और धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके बयान दर्ज किए हैं। समझा जाता है कि सीए करीब एक वर्ष से अभिनेता के वित्तीय लेखाजोखा का हिसाब देखते थे और जांच को आगे बढ़ाने के लिए ईडी उनके वित्तीय लेन-देन को समझना चाहता है।
ईडी ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के सिलसिले में शुक्रवार (31 जुलाई) को धनशोधन का एक मामला दर्ज किया था। बिहार पुलिस की एक प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें राजपूत के पिता ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के सदस्यों पर अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने अपनी शिकायत में धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएएल) के तहत आपराधिक आरोप लगाने के लिए अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और कुछ अन्य के खिलाफ बिहार पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लिया है। बिहार पुलिस की प्राथमिकी में दर्ज आरोपियों के खिलाफ प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि ईडी ने प्राथमिकी का अध्ययन करने और राजपूत की आय, बैंक खातों तथा कंपनियों के बारे में स्वतंत्र जानकारी जुटाने के बाद मामले को अपने हाथ में लिया।
राजपूत के पिता कृष्ण कुमार सिंह (74) ने रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार के सदस्यों और छह अन्य के खिलाफ उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर पुलिस में मंगलवार (28 जुलाई) को शिकायत दर्ज कराई थी। सिंह ने आरोप लगाया कि उभरती हुई फिल्म अभिनेत्री, रिया ने अपना करियर आगे बढ़ाने के लिए मई 2019 में उनके बेटे से दोस्ती कर ली थी। राजपूत के पिता ने अपनी शिकायत में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल कानून के प्रावधानों को भी लागू करने की मांग की है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि रिया की मदद उनके माता-पिता समेत परिवार के सदस्यों ने की थी।
ईडी राजपूत के पैसों एवं खातों की कथित हेराफेरी के आरोपों की जांच करेगी। एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि क्या किसी ने राजपूत की आय का उपयोग धनशोधन और अवैध संपत्ति बनाने के लिए किया। मुंबई पुलिस पहले से ही राजपूत की मौत की जांच कर रही है। 34 वर्षीय अभिनेता बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में 14 जून को फांसी के फंदे से झूलते मिले थे।
मुंबई पुलिस ने सुशांत राजपूत मामले में अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिनमें अभिनेता के परिजन, रसोइया और फिल्म जगत के लोग भी शामिल हैं। बिहार पुलिस पटना में सुशांत के पिता द्वारा दर्ज एक शिकायत के आधार पर ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ के मामले में अलग से जांच कर रही है। बिहार पुलिस ने अब तक राजपूत की मौत के मामले में 10 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।