बड़वानीः शहर में पेयजल की समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में विगत दिनों हुई पेयजल समस्या को वार्ड पार्षद और प्रतिनिधियों ने पालिका अध्यक्ष व मुख्य नगर पालिका अधिकारी के सामने उठाया गया।
जिला मुख्यालय में विगत दिनों पेयजल की समस्या को लेकर वार्ड वासियों की गंभीर मुद्दे को लेकर खासी चर्चा बनी हुई थी। जिसको लेकर इस बैठक का आयोजन किया गया। वार्ड के अलग अलग पार्षदों ने पेयजल वितरण टैंकर की कमी तो किसी ने असमय पेयजल वितरण का मुद्दा उठाया।
इस दौरान कांग्रेस पार्षद व नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि वार्ड के समस्त पार्षदों के साथ पेयजल की समीक्षा को लेकर एक बैठक आयोजित हुई। जिसमें विभिन्न पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के समस्याओं को लेकर सुझाव दिए थे। जाधव ने बताया है कि शहर में विगत दिनों से भीषण जल संकट एक चिंता का विषय है। उन्होंने जल संकट के बीच जलप्रदाय का काम करने वाले कर्मियों की लगातार कार्य करने पर प्रशंसा की। लेकिन इसी बीच नगर पालिका की कमियां भी खुलकर सामने आई।
जाधव ने आरोप लगाया कि जहां एक ओर जहां भीषण गर्मी में जल संकट से नगर की जनता जूझ रही थी वही दूसरी ओर नपा के जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से जमीनी स्तर पर नदारद रहे। अगर जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते तो पेयजल की समस्या सामने नहीं आती। उन्होंने कहा कि अगर समय से टैंकरों की व्यवस्था नहीं हो पाई जिससे हालात बिगड़ गए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर पार्षदों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाता है तो बैठक का महत्व सामने आएगा अन्यथा बैठक सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह जाएगी।
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ सोनाली शर्मा ने कहा है कि विगत सप्ताह में तेज़ हवा आंधी के चलते हुए फिल्टर प्लांट पर लगी जलप्रदाय मोटर के स्टार्टर जलने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी। वहीं ऐसे में मोटर को बदलकर व्यवस्था सुचारू करना चाही तो वह अन्य मोटर भी जल गई। समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने नई मोटर के साथ काम करना शुरू किया हॉलाकि नई मोटर लगाने में समय लगने से पेयजल वितरण कार्य डिस्टर्ब हुआ। वैकल्पिक तौर पर पानी के टैंकर से शहर में पानी की पूर्ति कराई गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बताते हुए नपा सीएमओ शर्मा ने कहा कि भविष्य में यदि पेयजल की इसी तरह की समस्या आती है तो उसके निपटान के लिए नगर पालिका किन किन संसाधनों के साथ जमीनी पटल पर तैयार रहेंगी और उन संसाधनों के मेंटेनेंस को लेकर यह बैठक रखी गई।
आगामी दिनों में होने वाली भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष और पार्षदों के साथ नगर पालिका ने एक योजना बनाई है। जिस पर वार्ड के समस्त पार्षदों द्वारा उन बिंदुओं की जानकारी दी गई है। ऐसे में उन बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका की कार्य योजना में दुरुस्त करेंगे और पुनः एक कार्य योजना पेश करेंगे। ताकि आगामी समय में शहर में बेहतर जलप्रदाय व्यवस्था देने का काम नपा की ओर से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में अमृत 2.0 पेयजल सप्लाई का जल्द समाधान किया जाएगा। वहीं प्राकृतिक संसाधन तालाब, कुएं व हैडपंप चिन्हित किए गए है। जिससे पेयजल में मदद मिल सकेगी।
बैठक को लेकर नपा अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने कहा कि समस्त पार्षदों के साथ पेयजल को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बैठक में समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आगामी भीषण गर्मी में पेयजल जैसी समस्या को जल्द ही दुरुस्त किया जाय। वहीं लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बैठक में नगर पालिका के सीएमओ सहित नगर के पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट