गुना जिले की बमोरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों के साथ सीधे बिजली कंपनी के मुख्यालय पहुंचकर महाप्रबंधक से मुलाकात की और समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक ऋषि अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे पूरा बमोरी क्षेत्र प्रभावित है। उन्होंने कहा कि बिजली गुल रहने से किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है और फसल व सब्जियों की उपज पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में रोजाना 4 से 5 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। लगातार बिजली जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चर्चा के दौरान विधायक ऋषि अग्रवाल ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रिपिंग की समस्या को रोकने के लिए अधिकारियों को कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए। उन्होंने तकनीकी सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया।
बिजली कंपनी के महाप्रबंधक ने विधायक और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में जल्द ही सुधार किया जाएगा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।