सुशांत सिंह राजपूत के मामले में अब बसपा सुप्रीमों मायावती ने भी बयान दिया है। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की बात करते हुए कांग्रेस पर मामले में राजनीतिक स्वार्थ साधने का आरोप लगाया है।
उन्होंने आज ट्वीट करते हुए कहा कि बेहतर होगा कि मामले की जांच सीबीआई करे।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, बिहार मूल के युवा बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला रोज नए तथ्यों के उजागर होने व उनके पिता द्वारा पटना पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने से लगातार गहराता जा रहा है।
अब मामले की जांच महाराष्ट्र व बिहार पुलिस द्वारा होने से बेहतर है कि प्रकरण की जांच सीबीआई ही करे।
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा, साथ ही, सुशान्त राजपूत प्रकरण में महाराष्ट्र व बिहार के कांग्रेसी नेताओं के अलग-अलग रवैये से ऐसे लगता है कि इनका असल मकसद इस प्रकरण की आड़ में पहले अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति करना है तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना बाद में, जो कतई उचित नहीं. महाराष्ट्र सरकार गंभीर हो।