धार्मिक नगरी उज्जैन महाकाल लोक के बाद अब एक और बड़ा धार्मिक प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर परिसर में शनि लोक का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए करीब 140 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही गढ़ कालिका मंदिर के कायाकल्प का काम भी तेज कर दिया गया है, ताकि आने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में वर्चुअली शामिल होते हुए त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर परिसर में शनि लोक निर्माण की घोषणा की। करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में और मजबूत करेगा।

जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुसार, शनि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और आने वाले सिंहस्थ 2028 को देखते हुए यहां विकास कार्य किए जा रहे हैं। शनि लोक के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है और कुम्भ से पहले निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।वहीं, गढ़ कालिका मंदिर में भी करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, वेटिंग एरिया, शौचालय और क्राउड मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में उज्जैन के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था और सुविधा मिल सके।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट